एटा। जिले में शनिवार रात से शुरू हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है और फसल को खराब कर दिया। बारिश से जिले की प्रमुख सरसों, आलू और तंबाकू की फसल को खासा नुकसान हुआ। वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई। बारिश के चलते मौसम ठंडा होने से लोग भी परेशान नजर आए।
जिले में शनिवार रात से बारिश शुरू हो गई थी और लगातार रविवार दोपहर तक होती रही। बारिश को देख किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखीं। बारिश बंद होने के बाद किसानों ने खेतों में पहुंचकर फसल को देखा, तो सारे अरमान तबाह हो गए।
बारिश ने सरसों, आलू और तंबाकू को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। अवागढ़ में जहां सरसों और आलू की फसल को नुकसान पहुंचा, तो जैथरा, अलीगंज और राजा का रामपुर क्षेत्र में तंबाकू की फसल बर्बाद हो गई। जलेसर के सकरौली क्षेत्र में सरसों और आलू, मारहरा में मटर की फसल को हानि हुई है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश का हाल यही रहा, तो ज्यादा नुकसान होगा। अभी आधी फसल पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है।
----------
कहते हैं किसान
बारिश ने फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। तंबाकू के पत्तों में छेद हो गए हैं।
किशन लाल वर्मा, जैथरा
----------
मेहनत करके फसल करते हैं, लेकिन बारिश सब कुछ बर्बाद कर देती है। पूरी फसल खराब हो गई है।
कलक्टर सिंह राठौर, जैथरा
-----------
बारिश किसानों पर बहुत जुल्म कर रही है। सरसों और आलू की खेती को नुकसान पहुंचा है।
मुन्नालाल, अवागढ़
-----------
किसानों के लिए बारिश मुसीबत बनती जा रही है। अगर अब बारिश और होती है, किसानों को काफी नुकसान होगा।
पवन ठाकुर, अवागढ़