थाने पर जमा लोग और पुलिस जाप्ता
- फोटो : amar ujala
एटा। थाने में जमा होने वाला सामान अब गायब नहीं हो सकेगा। इसके लिए एसएसपी ने आनलाइन माल ब्योरा रखने की नई प्रणाली शुरू की है। जिसमें बरामद माल पर क्यूआर बार कोड डालकर माल की सुरक्षा कराई जाएगी। साथ ही सामान की लोकेशन भी इस ऑनलाइन एप के माध्यम से रखी जाएगी।
आए दिन थानों से बरामद माल के गायब होने के मामले प्रकाश में आते रहते हैं। छुटपुट माल नहीं बल्कि थाने में जमा शस्त्र तक गायब होने की घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी आशीष तिवारी ने नई पहल शुरू की है। जिसमें उन्होंने थाने के मालखाने में जमा होने वाले माल का आनलाइन ब्यौरा रखने की तैयारी की है। उन्होंने बताया कि आनलाइन माल की सुरक्षा के लिए उस पर क्यूआर कोड अंकित कराया जाएगा। जिसे स्कैन करते ही माल का पूरा विवरण निकलकर सामने आ जाएगा। इसके साथ ही एसएसपी ने बताया कि इस नई व्यवस्था से बरामद माल की लोकेशन एवं उसकी सुपुर्दगी भी पता लगाई जा सकेगी।
ये होंगे फायदे
एटा। नई प्रणाली से सामान गायब होने से बचने के साथ ही माल खाने का चार्ज लेने और छोड़ने में भी पुलिस कर्मियों को सहूलियत मिलेगी। जबकि इससे प्रणाली से पहले चार्ज छोड़ने और संभालने के लिए पुलिस कर्मियों को सारा सामान देखकर उसकी गिनती करनी पड़ती थी। वहीं दूसरी तरफ बरामद माल किसके पास है, इसका भी पता आसानी से लग सकेगा।
पुलिस लाइन के शस्त्र भी होंगे आनलाइन
एटा। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि पुलिस लाइन बने शस्त्रागार का भी आनलाइन ब्योरा रखा जाएगा। जिसमें शस्त्रागार में मौजूद असलाह और कारतूस की संख्या में एप पर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही शस्त्रागार से असलाह ड्यूटी के लिए लेकर जाने वाले पुलिस कर्मियों का भी पूरा रिकार्ड रखा जाएगा। जिसकी निगरानी अधिकारी कार्यालय से कर पाएंगे।