शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। बंबा कटने से सोमवार रात किसानों की कई बीघा फसल जलमग्न हो गई। सुबह जब ग्रामीणों की नजर खेतों की तरफ गई, तो हैरान रह गये। एकत्रित होकर खंदी रोकने का प्रयास किया।
सूचना पर पहुंची सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने जेसीबी मंगवाकर खंदी को बंद कराया।
सोमवार रात किसानों ने खेती की सिंचाई करने के लिए खंदी में कट लगाया था, लेकिन तेज पानी आने के कारण खंदी ज्यादा कट गई। जिससे कई बीघा में खड़ी गेहूं, आलू और सरसों की फसल जलमग्न हो गई।
खेतों में पानी भरा देख किसान परेशान हो गए। ग्रामीणों ने सर्द मौसम में बोरियों में मिट्टी भरकर खंदी रोकने का प्रयास किया, लेकिन पानी बंद नहीं हुआ। काफी प्रयासों के बाद किसानों ने पानी को रोक दिया। इसके बाद सिंचाई विभाग को फोन कर बंबा कटने की जानकारी दी।
इसके बाद सिंचाई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन मंगवाकर खंदी को बंद कराया। पानी रुकने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली। जिन किसानों की फसल पानी से जलमग्न हो गई। ग्रामीणों ने जिन किसानों की फसलों में नुकसान हुआ है, उन्हें प्रशासन से आर्थिक मदद कराने की मांग की है।