साडा बापू जिंमिदार, किथो लेके देवे कार...
- फोटो : अमर उजाला
एटा। साडा बापू जिंमिदार, किथो लेके देवे कार, निकले करंट, गिटार सिखदा जैसे गीतों की गूंज हुई, तो पूरा पांडाल गूंज उठा। एटा महोत्सव में रविवार रात को पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की जोड़ी ने जमकर धमाल मचाया। इस दौरान युवाओं में गायकों को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया।
एटा महोत्सव में रविवार रात को आयोजित पंजाबी नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम आईपी पांडेय और एसएसपी आशीष तिवारी ने किया। जैसे ही मंच पर गायक जस्सी गिल और बब्बल राय पहुंचे, तो पांडाल में युवाओं का शोर शुरू हो गया। आलम यह रहा कि पांडाल खचाखच भीड़ देख दोनों गायक गदगद् हो गए। जस्सी गिल ने जैसे ही गाना बापू जिंमिदार की शुरुआत की, तो पांडाल में युवा झूमने लगे। इसके बाद उन्होंने गिटार सिखदा, निकले करंट, जोड़ी तेरी मेरी, नखरे समेत तमाम गाने गाए। वहीं गायक बब्बल राय ने तूने मारी एंट्रियां, दिल में बजी घंटिया गाया तो जोशीले युवा खुद को रोक नहीं पाए। दोनों गायकों की जोड़ी ने युवाओं को खूब झूमने पर मजबूर किया।
पिलर पर चढ़ गए युवा
गायक जस्सी गिल को देखने का युवाओं में इतना जुनून था कि युवा पांडाल में लगे पिलर पर चढ़ गए। इस दौरान युवाओं ने कुर्सियां फेंकी और बेरीकेडिंग तोड़ी। जिस पर पुलिस ने युवाओं को काबू में करने का प्रयास किया। कार्यक्रम में अव्यवस्था होती देखी गायकों ने युवाओं को शांत रहने को कहा।
कहीं नहीं मिला इतना प्यार: जस्सी
भीड़ को देख गायक जस्सी गिल और बब्बल राय ने कहा कि हमने आज तक आगरा में प्रस्तुति नहीं दी। पूरे देश में जहां भी प्रस्तुति दी, उसमें सबसे ज्यादा श्रोताओं का प्यार एटा में मिला। दोनों गायकों ने डीएम आईपी पांडेय, एसडीएम महेंद्र सिंह तंवर और पूरे एटा का दिल से शुक्रिया अदा किया।