प्रदर्शनी: मंच टूटा देख डीएम के तेवर तल्ख
- फोटो : अमर उजाला
एटा। जिले में एक जनवरी से आयोजित होने जा रही जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी को लेकर प्रशासन बेहद सक्रिय है। बुधवार को डीएम आईपी पांडेय ने प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए।
डीएम ने सैनिक पड़ाव में बनाए गए मंच के निर्माण को लेकर काफी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोनिवि को फटकार लगाते हुए कहा कि पिछले साल मंच का निर्माण कराया गया। इसकी गुणवत्ता इतनी खराब रही कि एक साल में मंच टूट गया। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात भी कही। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी को भव्य बनाने के लिए प्रयास किए जाएं। विभागों की स्टॉल लगाने के लिए सीडीओ को निर्देशित किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी स्थल के लेआउट के आधार पर व्यवस्थाओं की जांच की। डीएम ने कहा कि प्रदर्शनी में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कर लिया जाए। इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि प्रदर्शनी में एक से बढ़कर एक मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाएगा। एक दो दिन में कार्यक्रमों की सूची फाइनल कर दी जाएगी। डीएम ने निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और एएसडीएम नंदलाल वर्मा को साफ-सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ उग्रसेन पांडेय, पीडी अजय पांडेय, ईओ नंदलाल वर्मा, रत्नेश पांडेय, नरेंद्र उपाध्याय समेत तमाम लोग मौजूद रहे।