कासगंज। जनपद में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम में 15.92 लाख पौधे रोपे जाएंगे। पौधरोपण के लिए कार्ययोजना तथा स्थल चयन सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सूची को 31 दिसंबर तक उपलब्ध करना है।
जिलाधिकारी आरपी सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में आगामी वर्ष में पौधरोपण के संबंध में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी पौधरोपण कराने की कार्ययोजना तथा पौधरोपण के लिए स्थल चयन सूची 31 दिसंबर तक वन विभाग को उपलब्ध करा दें। वर्तमान वर्ष में कराए गए पौधरोपण का मौके पर सत्यापन कर उसकी शत प्रतिशत जियो टैगिंग कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक न्याय पंचायत में एक अच्छी नर्सरी तैयार कराई जाए। तीनों तहसीलों में नर्सरी चिह्नित कर उनका पंजीकरण करा दिया जाए। प्रभागीय वनाधिकारी दिवाकर वशिष्ठ ने बताया कि पौधाशलाओं में 18 लाख पोधे उगाए जाएंगे। अब तक 4 लाख पौधों की पौध तैयार कर ली गई है। विभागों को जिस प्रजाति की जरूरत हो, वह लिखकर दें। सरकारी नर्सरियों के अतिरिक्त 25 अन्य नर्सरी में पौध तैयार की जा रही है। सीडीओ श्रीनिवास मिश्र, जिला विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव, जिला समन्वयक मनरेगा, डीपीआरओ विश्वनाथ सिंह, कृषि उद्यान सहित सभी विभागों के अधिकारी, ईओ एवं समस्त बीडीओ आदि उपस्थित रहे।