शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गढ़िया में रेलवे ट्रैक के समीप एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
रविवार सुबह गढ़िया गांव के समीप रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर एक युवक का शव मिलने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। चौकीदार की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद अज्ञात में पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका है। जबकि पुलिस युवक की मौत किसी ट्रैन से गिरना मान कर चल रही है। थाना पुलिस ने बताया युवक रात में किसी गाड़ी से गिर पड़ा है, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी एक टांग भी टूटी हुई है।
गंभीर चोट आने के कारण ही उसकी मौत हुई है। युवक की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने अथवा उसकी शिनाख्त होने पर ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई है।