कासगंज/सहावर। शासन के लोक निर्माण विभाग के सचिव एवं जिले के प्रभारी नोडल अधिकारी रंजन कुमार ने सोमवार को कासगंज पहुंचकर सहावर तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अभिलेखों के उचित रखरखाव के लिए तहसील कर्मियों को निर्देशित किया।
नोडल अधिकारी रंजन कुमार डीएम आरपी सिंह के साथ सोमवार दोपहर तहसील पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार, न्यायालय, अभिलेखाकार, भूलेख, अनुभाग, रजिस्ट्री कार्यालय आदि में बारीकी से निरीक्षण किया। उनका सर्वाधिक ध्यान अभिलेखों के रखरखाव पर रहा। नोडल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं है। कंप्यूटराइज्ड खतौनी के लिए ली जाने वाली धनराशि की रसीद जारी करने के भी निर्देश दिए। विभिन्न शिकायती प्रार्थना पत्रों पर लेखपालों द्वारा दी गई रिपोर्टों की जांच कराने को एसडीएम को निर्देशित किया। अभिलेखागार में खसरा खतौनियों के रखरखाव का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी ने एंटी भूमाफिया अभियान के अंतर्गत भूमाफियों से कब्जा हटवाने और एफआईआर दर्ज कराकर जेल भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील परिसर में पुरुष और महिला शौचालय बनवाने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी के निरीक्षण से तहसील में खलबली मची रही। इस दौरान एडीएम न्यायिक राकेश कुमार, सीडीओ श्रीनिवास मिश्र, एसडीएम संदीप केला, सीओ प्रदीप कुमार, तहसीलदार मनोज प्रकाश आदि उपस्थित रहे।