करहल(मैनपुरी)। दलित रामदास और अन्य लोगों ने एसडीएम के साथ ही थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें तहसील के एक अधिवक्ता पर करीब सौ बीघा जमीन हड़पने का आरोप लगाया है।
क्षेत्र के गांव नगला चमारान निवासी दलित रामदास जाटव, तोताराम, चूना वाली गली निवासी विधवा रामबेटी, हाकिम सिंह निवासी नगला खुदे, मोहल्ला काजी निवासी सादाब अली ने आरोप लगाया कि तहसील के एक अधिवक्ता ने फर्जी कागजात, वसीयत आदि के जरिए गांव कुतुबपुर बुजुर्ग में करीब सौ बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है।
गांव कनकपुर निवासी उर्मिला देवी ने अधिवक्ता पर आरोप लगाया कि गांव के निवासी न होते हुए भी गांव की ग्राम समाज की भूमि पर रिश्तेदारों का कब्जा करा दिया है। पुलिस ने जब अधिवक्ता का पक्ष सुनने के लिए बुलाया तो शिकायतकर्ताओं की बहस होने लगी। पुलिस ने बमुश्किल माहौल को शांत कराया। उधर अधिवक्ता की ओर से आरोपों से इनकार किया जा रहा है। अधिकारियों ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।