चोरी की 14 बाइक, एक कार सहित दो गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
एटा। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के दो और शातिरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पुलिस ने चोरी की 14 बाइक और एक कार बरामद की है। बरामद बाइक को चोर नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद से चोरी करके लाए थे। एसएसपी ने पुलिस टीम को बीस हजार रुपये का इनाम देने की बात कही है।
पुलिस लाइन में जानकारी देते हुए एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि थाना मारहरा और स्वाट टीम पुलिस संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही थी। उसी समय सूचना मिली कि दो लोग चोरी की बाइक पर सवार होकर कस्बे के समीप से गुजर रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी मुसाहिद पुत्र सफीक कुरैशी निवासी साउदीगंज थाना सिकंदराराऊ हाथरस और संजीव उर्फ संजू पुत्र गंगा सिंह निवासी हुसैनपुर थाना सिकंदराराऊ हाथरस को पकड़ लिया। जिनसे पुलिस ने पूछताछ करते हुए 14 चोरी की बाइक और एक इंडिगो कार बरामद की। एसएसपी ने बताया कि बरामद हुए वाहनों को चोर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली से चोरी करके लाए थे। बरामद हुई बाइक एवं कार के मालिक का पुलिस पता कर रही है।