फिरोजाबाद। योगी सरकार भले ही नए उद्योग सृजन को लेकर गंभीर है लेकिन बैंक शाखाएं सरकार की मंशा पर पानी फेरने का कार्य कर रही हैं। टास्क फोर्स कमेटी की संस्तुति के बाद भी अभ्यर्थियों को उद्योग लगाने के लिए ऋण नहीं मिल पा रहा है। उद्योग विभाग ने 87 शाखा प्रबंधकों को नोटिस भेज दिए हैं।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए, जिसमें विभाग को 1070 आवेदन मिले थे। डीएम की गठित टास्क फोर्स कमेटी के साक्षात्कार के बाद 361 अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। उद्योग विभाग की साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित बैंक शाखाओं को ऋण वितरण के लिए आवेदन भेज दिए हैं।
अभ्यर्थी फाइलें पहुंचने के बाद ऋण प्राप्त करने के लिए बैंक शाखाओं के चक्कर काट रहे हैं, परंतु बैंक अफसर ऋण जारी करने के बजाए उन्हें टहला रहे हैं। जिले में समस्त बैंक शाखाओं ने अब तक मात्र चार अभ्यर्थियों को ऋण वितरण किया है।
उपायुक्त उद्योग शरद टंडन द्वारा अब तक 87 बैंक शाखा प्रबंधकों को नोटिस भेजे जा चुके हैं। अन्य बैंकों को भी नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि विभाग के साथ एलडीएम ने भी शाखा प्रबंधकों को अपने स्तर से नोटिस दिए जा रहे हैं।