कोसीकलां (मथुरा)। शेरगढ़ एवं कोसी पुलिस ने स्वाट टीम के साथ मिलकर पंजाब से तस्करी करके लाई जा रही नौ सौ पचास पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब को अलग-अलग ट्रकों में ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा है। ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। बरामद शराब की कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई हैं।
मंगलवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक ट्रक को यमुना पुल के समीप सईद प्रधान के मकान के समीप से रोक लिया। प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि तलाशी में ट्रक से पांच सौ पेटी अवैध अरुणाचल प्रदेश मार्का शराब बरामद की गई। इस मामले में विजय, भूपेंद्र निवासी गुरवर साहिब, थाना फिरोजपुर, पंजाब को पकड़ा हैं।
वहीं, कोसी पुलिस ने कोटवन चौकी से एक ट्रक से चार सौ पचास पेटी शराब की बरामद की। इस मामले में टूंडला निवासी संदीप को पकड़कर कार्रवाई की गई हैं। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक आदित्य शुक्ला ने बताया कि शराब तस्करी से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही हैं।