कुरावली (मैनपुरी)। मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर व्यापारी बेमियादी हड़ताल का एलान करते हुए नवीन मंडी परिसर में धरने पर बैठक गए। जानकारी होने पर मंडी सचिव ने व्यापारियों को मांगें पूरा कराने का आश्वासन देकर हड़ताल खत्म कराई।
सपा शासन में जीटी रोड पर बनवाई गई नवीन कृषि मंडी उपस्थल में व्यापारियों की दुकानों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। मंडी में पेयजल की भी समस्या है और बाउंड्री टूटी और सड़कें उखड़ी पड़ी हैं। इससे व्यापारी पिछले कई दिनों से आक्रोशित हैं। व्यापारी लगातार मंडी प्रशासन से सुविधाएं मुहैया कराने की मांग कर रहे हैं।
शुक्रवार को चोरी होने पर व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए मंडी के गेट पर ताला डाल दिया था और धरने पर बैठ गए थे। उस समय एसडीएम शिवप्रसाद के आश्वास पर धरना समाप्त हो गया था। सोमवार को एक बार फिर व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान करते हुए मंडी परिसर में धरना शुरू कर दिया। हड़ताल की सूचना मिलने पर पहुंचे मंडी समिति के सचिव गौरव सिंह ने व्यापारियों से वार्ता की और लाइट और पेयजल की व्यवस्था तुरंत कराने के निर्देश मंडी इंस्पेक्टर मनोज कुमार को दिए।
उन्होंने उखड़ी सड़कों और बाउंड्री को सही कराने का प्रस्ताव शासन को भेजने का आश्वासन दिया। पुलिस व्यवस्था के लिए सीओ सुरेश बाबू ने दो पुलिसकर्मी की ड्यूटी मंडी में लगाने का आश्वासन दिया। तब जाकर व्यापारियों ने हड़ताल खत्म करने का एलान किया। इस दौरान पन्नालाल वर्मा, जागनलाल वर्मा एडवोकेट, सलमान, यूनुस, राजवीर वर्मा राजू, कुलदीप वर्मा, महावीर सिंह आदि मौजूद रहे।