कासगंज। जनपद सितंबर के अंत तक खुले में शौच से मुक्त हो जाएगा। इसके लिए विभाग की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
पंचायत राज विभाग द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजना के अंतर्गत दिए गए शौचालयों का लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया है। जिले की 423 ग्राम पंचायतों में से 380 ग्राम पंचयतों को ओडीएफ किया जा चुका है। कुल 647 राजस्व ग्रामों में 601 राजस्व ग्राम ओडीएफ घोषित हो चुके हैं। अवशेष ग्रामों के साथ समस्त जिले को ओडीएफ किया जाना है। लक्ष्य के सापेक्ष ग्राम पंचायतों को शतप्रतिशत धनराशि भेजी जा चुकी है। जिले को ओडीएफ होने के बाद कोई भी व्यक्ति खुले में शौच करते मिलने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी विश्वनाथ सिंह ने बताया कि तैयारियां लगभग पूर्ण हैं। शीघ्र जनपद को ओडीएफ किया जाएगा। ओडीएफ होने पर वृहद कार्यक्रम किया जाएगा। इसमें जनपद स्तरीय अधिकारी, स्वच्छाग्रही, प्रधानगण, सचिवगण, खंड प्रेरक के अलावा जनप्रतिनिधि भी प्रतिभाग करेंगे।