मैनपुरी। बेसिक शिक्षा विभाग में निचले स्तर पर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने वाले संकुल प्रभारियों का चयन खंड शिक्षाधिकारियों की कृपा पर चल रहा है। बेसिक शिक्षाधिकारी तथा शासन के निर्देश के बाद भी विकास खंडों में तैनात संकुल प्रभारियों को अवैध रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये संकुल प्रभारी खंड शिक्षाधिकारियों की सह पर शिक्षक-शिक्षिकाओं से अवैध धन की वसूली कर रहे हैं। यही नहीं अपने को अधिकारी मान वह रौब भी गांठ रहे हैं।
जिले के नौ विकास खंडों में 80 संकुल केंद्र संचालित हैं, जिनमें से 64 पर खंड शिक्षाधिकारियों ने अपने मनमाफिक शिक्षकों को संकुल केंद्र का प्रभारी बना रखा है। आरोप है कि खंड शिक्षाधिकारी इन संकुल प्रभारियों के माध्यम से प्रधानाध्यापकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं से कभी निलंबन के नाम पर तो कभी चंदा के नाम पर अवैध वसूली करते हैं। यहां तक कि ड्रेस और मिडडे मील के नाम पर भी प्रधानाध्यापकों से अवैध वसूली की जाती है। कार्रवाई के भय के कारण प्रधानाध्यापक इनकी कोई शिकायत नहीं कर पा रहे हैं।