एटा। एटीएम कार्ड बदलकर आरोपी ने तीन लाख 67 हजार रुपये निकाल लिए गए। जानकारी पर पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली नगर में दर्ज कराई है।
फिरोजाबाद थाना नारखी के गढ़ी हंसराज निवासी जयवीर एक जून को एटा आया था। वह शहर के माया पैलेस चौराहा स्थित एटीएम से कार्ड लगाकर रुपये निकाल रहा था। तभी एकयुवक ने धोखाधड़ी कर उनका कार्ड बदल लिया और खाते से तीन लाख 67 हजार रुपये अलग-अलग दिन में निकाल लिए। जानकारी पर जयवीर ने बैंक कर्मचारियों को शिकायत दर्ज कराई। बाद में पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली नगर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि एटीएम पर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की तलाश कराई जा रही है।
पहले भी हो चुकी है घटनाएं
एटा। जिले में साइबर अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। एटीएम कार्ड बदलकर अथवा गोपनीय नंबर पता कर आरोपी लोगों के खाते से रुपये निकाल रहे है। इससे पहले भी शहर निवासी महिला के खाते से ढाई हजार, फिरोजाबाद के पप्पूलाल के खाते से एक लाख, निधौलीकलां क्षेत्र के नगला खिल्ली निवासी शिशुपाल के खाते से साठ हजार, शहर के ईदगाह निवासी कमलेश के खाते से चालीस हजार रुपये निकाले गए थे। इन मामलों में पुलिस अब तक आरोपियों की जानकारी नहीं जुटा सकी है।