एटा। स्वाट, सर्विलांस टीम और कोतवाली देहात पुलिस ने मिलकर तीन आरोपियों को शस्त्र फैक्ट्री चलाते हुए गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने पांच तैयार और पांच अधबने तमंचे बरामद किए हैं। दूसरी तरफ सकीट पुलिस ने एक आरोपी को दो राइफल और दो देशी बंदूक, 14 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में रविवार को एएसपी संजय कुमार ने बताया कि गांव कठिला लायकपुर में अवैध शस्त्र फैक्ट्री संचालित की जा रही है। जिसकी सूचना पर स्वाट, सर्विलांस टीम के साथ ही कोतवाली देहात पुलिस को आरोपियों को पकड़ने के लिए मौके पर भेजा।
जहां पुलिस ने शमशाद निवासी अमेठी जदीद थाना फतेहगढ फर्रुखाबाद, साधु सिंह निवासी कुठिला लायकपुर, भंवरसिंह निवासी रामनगर उद्दनपुर कोतवाली देहात को पकड़ लिया। जबकि सत्यवीर निवासी रामनगर फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पांच बने और पांच अधबने तमंचे बरामद किए हैं।
साथ ही पुलिस ने मौके से तमंचा तैयार करने के उपकरण भी बरामद किए। वही दूसरी तरफ थाना सकीट पुलिस ने सूचना पर मुनेश निवासी बक्शीपुर थाना सकीट को दो देशी राइफल और दो बंदूक 14 कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। जबकि उसका भाई पुष्पेन्द्र फरार हो गया। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।