एटा। बढ़ती मांग के चलते जिले में सुगंधित धान की पैदावार बढ़ती जा रही है। इस वर्ष जिले में कुल धान का 90 प्रतिशत से अधिक क्षेत्रफल सुगंधित धान का होगा। 14411 हेक्टेयर के लिए 961 हेक्टेयर भूमि में नर्सरी तैयार की जा रही है।
अच्छे मानसून की भविष्यवाणी से उत्साहित किसान इस वर्ष धान पर अधिक दांव लगाने का मन बना रहे हैं। अच्छे उत्पादन एवं मूल्य के चलते अधिकांश किसान विभिन्न नस्लों के सुगंधित धान की पैदावार का मन बना चुके हैं। कृषि विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जिले में इस बार 14411 हेक्टेयर से अधिक भूमि में धान का उत्पादन किया जाएगा। इसमें 13000 हेक्टेयर धान सुगंधित एवं उत्तम गुणवत्ता वाला होगा।
शंकर, मोटा एवं अन्य सामान्य किस्म का धान 1411 हेक्टेयर में किया जाएगा। धान रोपाई के लिए इस वर्ष जिले में 961 हेक्टेयर भूमि में धान की नरसरी की गई है। जिला कृषि अधिकारी डॉ सर्वेश यादव के अनुसार विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जिले में इस वर्ष विभिन्न खरीफ फसलों का निम्नानुसार लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
फसल क्षेत्रफल
धान 14411 हेक्टेयर
मक्का 24538 हेक्टेयर
बाजरा 49131 हेक्टेयर
उड़द 788 हेक्टेयर
मूंग 391 हेक्टेयर
अरहर 3409 हेक्टेयर
मूंगफली 643 हेक्टेयर
तिल 251 हेक्टेयर