मथुरा। नारी निकेतन से छत कूदकर फरार हुई असम की किशोरी का 56 घंटे बाद भी सुराग नहीं लग सका। फरार हुई किशोरी की तलाश में कोतवाली पुलिस ने दिल्ली और आगरा में दबिश दी है। नारी निकेतन की सहायक अधीक्षिका ने कोतवाली में संवासिनी के भागने का मुकदमा दर्ज कराया है।
देह व्यापार में दिल्ली से लाई गई असम की किशोरी को कोर्ट ने 28 मई को नारी निकेतन भेजने के आदेश किए थे। 30 मई की रात 11 बजे नारी निकेतन की छत से कूदीं दो संवासिनी में से एक घायल होने पर भागने में नाकाम हो गई, जबकि दूसरी असम की किशोरी भागने में सफल रही।
कोतवाली पुलिस फरार संवासिनी की तलाश मेें जुटी पर उसका कोई सुराग नहीं लगा। 56 घंटे बीत चुके हैं, पर अभी तक भागी संवासिनी का सुराग नहीं लग सका है। नारी निकेतन की सहायक अधीक्षिका रेनूबाला ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी शिवप्रताप सिंह ने बताया कि संवासिनी की तलाश में दिल्ली और आगरा अलग-अलग टीमें भेजी गई हैं।