फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसमें समस्याओं के समाधान के लिए प्रभारी बीएसए तरुण कुमार से मांग की गई।
जिलाध्यक्ष डॉ. शौर्यदेवमणि यादव ने कहा कि इस समय तापमान होने के कारण बच्चों को विद्यालय में बैठकर पढ़ना स्वास्थ्य हित में नहीं है। विद्यालय का समय परिवर्तन करना अतिआवश्यक है। विद्यालय का समय सुबह सात से 11 बजे तक किया जाए या फिर सुबह आठ से 12 बजे तक। नगर संयोजिका कल्पना राजौरिया ने कहा कि जनपद में कार्यरत किसी भी शिक्षक का कोई भी विभागीय पहचान पत्र अभी तक जारी नहीं किया गया है।
हाल ही में शिक्षक आदेश यादव के साथ पुलिस ने अभद्रता कर दी थी। पुनरावृत्ति न हो, इसलिए शिक्षकों को शीघ्र पहचान पत्र दिए जाएं। ज्ञापन देने वालों में शीबा हासिम, मुनीश कुमार शर्मा, विजय यादव आदि लोग उपस्थित रहे।
फिरोजाबाद। यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन टीम यूटा की जिलाध्यक्ष जया शर्मा के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें शिक्षक संघ ने गर्मियों में समय परिवर्तन की मांग की।
जिलाध्यक्ष जय शर्मा ने कहा कि सभी परिषदीय स्कूलों में विद्युत की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बच्चे गर्मी में बैठने को विवश होते हैं। विद्यालय का समय सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक करने की मांग की। यूटा जिलाध्यक्ष ने परिचय पत्र जारी करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक मनीष शर्मा, जीतपाल, रीमा यादव, कृष्णमुरारी मौजूद रहे।