कासगंज।
ढोलना के मारुखपुर में मिली युवक की सिर कटी लाश की गुत्थी अभी सुलझी नहीं है। परिजनों की शिनाख्त के आधार पर पुलिस ने शव को राकेश का मानकर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। वहीं मामले में पुलिस ने राकेश के भाई राजीव की तहरीर पर उसके ससुर सहित तीन ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
परिजनों की मानें तो अलीगढ़ के थाना गंगीरी के नौगवां निवासी राकेश पुत्र बनवारी लाल गांव के अपने दोस्त राजेंद्र पुत्र दिलीप के साथ बाइक से विगत 25 अप्रैल का अपनी ससुराल मारहरा एटा जाने की बात कहकर निकला था। उसकी पत्नी रत्नेश, पुत्री अवनी और पुत्र अर्पित पंच बिहार कालोनी चिपियाना बुजुर्ग विसराव गौतम बुद्ध नगर से विगत 14 फरवरी को लापता हो गई। पत्नी और बच्चों की तलाश करने की बात कहकर वह अपने दोस्त के साथ आया था। इधर, मारुखपुर के पास से रेलवे पुलिया के नीचे खाई से एक सिर कटी लाश बरामद की गई।
सूचना पर पहुंचे राकेश और राजेंद्र दोनों के परिजनों ने शव पर दावा जताया। हालांकि पुलिस ने युवक के कपड़े और एलआईसी पर्ची को आधार मान कर लाश राकेश के परिजनों के सुपुर्द कर दी। मामले में राकेश के भाई राजीव ने राकेश के ससुर मोतीलाल, साले जितेंद्र और रवि कुमार निवासीगण नगला कलुआ मारहरा के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वहीं राकेश की बाइक मारहरा थाना पुलिस को लावारिस हालत में बरामद हुई थी। अब पुलिस के सामने राजेंद्र की तलाश बड़ी चुनौती है।
मारहरा पुलिस ने बरामद की बाइक
कासगंज। राकेश की बाइक मारहरा एटा पुलिस को मिरहची रोड पर स्वास्थ्य केंद्र के निकट से लावारिस हालत में मिली थी। पुलिस ने लावारिस बाइक को कब्जे में ले लिया। थाने के एसआई दिनेश ने बताया कि बाइक को लावारिस में जमा कर दिया है।
पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच
कासगंज। पुलिस ने सिर कटी लाश भले ही राकेश के परिजनों को सौंप दी हो लेकिन पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस कद काठी के आधार पर लाश को राजेंद्र की मानकर चल रही थी। हालांकि कपड़ों और एलआईसी पर्ची के आधार पर शव की सुपुर्दगी राकेश के परिजनों को की गई। पुलिस ने शव की वास्तविकता जानने के लिए बिसरा सुरक्षित कर लिया है, जिसे प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पुलिस को शक है कि ऐसा भी हो सकता है कि राकेश ने राजेंद्र की हत्या कर दी हो और उसे अपने कपड़े पहनाकर लापता हो गया हो। पुलिस ने मामले का खुलासा करने के लिए कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
डीआईजी ने लगाई इंटेलीजेंस विंग
कासगंज। ढोलना के मारुखपुर में मिली सिर कटी लाश की गुत्थी सुलझाने के लिए डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने इंटेलीजेंस विंग को लगाया है। पुलिस की तीन टीमें भी गठित की गई है। टीमों ने हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए कवायद शुरू कर दी है।
हत्या के मामले की पुलिस गहनता से जांच कर रही है। कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जब हत्या के बाद आरोपी शव को अपने कपड़े पहनाकर स्वयं लापता हो गया। पुलिस दूसरे साथी की तलाश भी तेजी से कर रही है, जिससे हत्याकांड के रहस्य से पर्दा उठ सके।
अरुण कुमार चौहान प्रभारी निरीक्षक ढोलना थाना