मथुरा। मथुरा ब्लाक के गांव मुकंदपुर के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को स्वच्छता और खुले में शौच मुक्त अभियान को लेकर संवाद करेंगे। बिहार के चंपारण में हो रहे कार्यक्रम का लाइव ग्रामीणों को दिखाया जाएगा और वहीं से प्रधानमंत्री ग्रामीणों से स्वच्छता तथा खुले में शौच मुक्त अभियान की जानकारी लेंगे। इसमें वह स्वच्छाग्रहियों को अभियान की सफलता के टिप्स देंगे।
मंगलवार को बिहार के चंपारण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छता और खुले में शौच मुक्त अभियान को लेकर कार्यक्रम है। अभियान को गति देने व सफलता के लिए मथुरा ब्लाक के गांव मुकंदपुर में 369 स्वच्छाग्रहियों को सफाई कराने तथा लोगों को खुले में शौच न जाने को लेकर प्रेरित करने आदि के टिप्स दिए जाएंगे। इसके लिए दूरदर्शन की केंद्रीय व लखनऊ की टीम ने गांव मुकंदपुर के पंचायत घर पर दो बड़ी एलईडी लगाई हैं। इसमें ग्रामीण व स्वच्छाग्रहियों व लाभार्थियों से मोदी अभियान को लेकर संवाद करेंगे।
सोमवार को डीएम सर्वज्ञ राम मिश्र तथा सीडीओ पवन कुमार गंगवार व डीपीआरओ पीतम सिंह गांव पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। पंचायत घर व गांव की गलियों में सफाई कराई गई। सायं चार बजे दूरदर्शन की टीम द्वारा लगाई गई एलईडी चलाकर स्वच्छाग्रहियों के साथ रिहर्सल किया गया। सीडीओ पवन कुमार गंगवार ने बताया कि स्वच्छाग्रहियों ग्रामीणों तथा लाभार्थियों को अभियान की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री भी संवाद कर सकते हैं।