फिरोजाबाद। लालई की समीप नवीनीकृत एनएच-2 पर अंडरपास की मांग कर रहे ग्रामीणों ने अंडरपास नहीं बनाने की स्थिति में मौके पर पहुंच सड़क निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात का निर्णय लिया।
नवीनीकृत एनएच-2 पर लालई के समीप अंडरपास बनाने की मांग को लेकर शासन-प्रशासन के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर चुके लगभग 12 गांव के ग्रामीणों में अंडरपास नहीं बनने की स्थिति में रोष बढ़ रहा है।
गुरुवार को सड़क मार्ग निर्माण में लगी कार्यदायी संस्था द्वारा लालई मार्ग बंद करने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कई गांव के लोगों ने सड़क निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराने का निर्णय लिया है।