मथुरा। दिल्ली से मुंबई जा रही सैनिक की पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर दूरंतो एक्सप्रेस को मथुरा में रोका गया। महिला को ट्रेन से उतारा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गाजियाबाद निवासी दीपक कुमार आईटीबीपी में सैनिक हैं। वह सोमवार को पत्नी दीपाली के साथ दूरंतो एक्सप्रेस के कोच बी टू में सवार हुए।
दोपहर 12 बजे पलवल से निकलते ही दीपाली को प्रसव पीड़ा हुई तो दीपक ने इसकी सूचना कोच कंडक्टर को दी। कोच कंडक्टर ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। मथुरा में दूरंतो एक्सप्रेस का स्टॉपेज न होने पर ट्रेन को 12:40 बजे प्लेटफार्म एक पर लाकर रोका गया। कंट्रोल रूम की सूचना पर रेलवे के चिकित्सक डा. धीरज गुप्ता ने दीपाली को प्राथमिक चिकित्सा दी और उनकी सलाह पर ट्रेन से उतारा गया। इसके चलते ट्रेन पांच मिनट तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही। बाद में दीपाली को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रसूता तड़पती रही, आरपीएफ ढूंढती रही चाबी
मथुरा। दूरंतो एक्सप्रेस में प्रसव पीड़ा होने पर उतारी गई आईटीबीपी के सैनिक की पत्नी को जिला अस्पताल ले जाने के लिए एक-एक मिनट भारी पड़ रहा था और आरपीएफ के जवान सर्कुलेटिंग एरिया में लगे ताले की चाबी ढूंढते रहे। क्योंकि एंबुलेंस सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी थी। 20 मिनट में चाबी आरपीएफ थाने से लाई गई।