फिरोजाबाद/टूंडला। कानुपर रेलखंड पर शुक्रवार दोपहर कैफियत एक्सप्रेस से बाइक टकरा गई। इसके चलते रेल इंजन फेल हो गया। घटना के बाद बाइक सवार भाग गया और ट्रेन करीब दो घंटे खड़ी रही। मामले में अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
दिल्ली से चलकर आजमगढ़ जाने वाली 12226 कैफियत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से घंटों लेट चल रही थी। ट्रेन शुक्रवार दोपहर 1.45 बजे के करीब मक्खनपुर-शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची तभी ट्रेन के आने से पूर्व बंद किए गये गेट नंबर 55 के नीचे से एक युवक बाइक निकालने लगा। वो रेल ट्रैक पर पहुंचा तभी उसकी बाइक बंद हो गई।
सामने ट्रेन आती देख युवक बाइक को रेल ट्रैक पर छोड़ भाग गया। इसी बीच ट्रेन से बाइक टकराई तो उसके परखच्चे उड़ गए। चालक ने ट्रेन रोक कर इंजन में फंसे बाइक के टुकड़े निकाल कर ट्रेन चलाई, लेकिन ट्रेन कौरारा रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो इंजन ने काम करना बंद कर दिया। चालक की सूचना पर नियंत्रण कक्ष टूंडला ने मालगाड़ी का इंजन लगाने के निर्देश दिए।
करीब दो घंटे बाद मालगाड़ी का इंजन काटकर कैफियत एक्सप्रेस में लगाया गया। तब जाकर ट्रेन रवाना हुई। मौके पर पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने बाइक के अवशेष कब्जे में लेकर अज्ञात बाइक सवार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।