मैनपुरी। प्रतिबंधित दवा की तरह ही तेजाब की बिक्री होनी चाहिए। एसिड अटैक करने वाले अगर दो से ज्यादा हैं तो उनके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई होनी चाहिए। कोचिंग सेंटरों के बाहर संचालक को सीसीटीवी कैमरे लगवाने चाहिए। कुरावली की एसिड अटैक पीड़िता के मामले में प्रशासन से रिपोर्ट मंगाकर उसको न्याय दिलाया जाएगा। यह बातें राज्य महिला आयेाग की उपाध्यक्ष सुमन यादव ने कहीं।
राज्य महिला आयेाग की उपाध्यक्ष सुमन यादव ने अमर उजाला से वार्ता करते हुए कहा महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए आयोग गंभीर है। पीड़िता की शिकायत के अलावा कई मामलों में स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है।
महिला उत्पीड़न किसी हालत में बर्दाश्त नहीं होगा। एसिड अटैक पीड़िता जिंदा रहते हुए भी तिल तिल कर मरती है। जैसे डाक्टर के पर्चे पर ही प्रतिबंधित दवा मिलती है उसी तरह तेजाब की बिक्री होनी चाहिए।
खुलेआम तेजाब की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन को टीमें गठित करके अभियान चलाना चाहिए। कुरावली में एसिड अटैक पीड़ित छात्रा के संबंध में कहा उसको न्याय दिलाया जाएगा।
महिला आयोग की एक टीम उसके घर जाकर जांच करेगी। आरोपियों को केवल जेल भेजना ही पर्याप्त नहीं है, उनके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई कराई जाएगी।
उत्पीड़न की शिकार महिला की शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश आयोग ने अधिकारियों को पहले ही दिए हैं।