मैनपुरी। मंडी का निरीक्षण करने आए मंडी निदेशक और उप निदेशक का शुक्रवार को आढ़तियों ने घेराव कर लिया। किसानों और आढ़तियों ने समस्याएं गिनाते हुए निराकरण की मांग की। तीन दिन से बाधित विद्युत आपूर्ति को निदेशक ने मुख्यालय में बात करके चालू कराया। मंडी में मरम्मत और निर्माण के लिए योजना बनाकर मुख्यालय भेजने के निर्देश मंडी सचिव कोे दिए।
निदेशक मंडी समिति राजीव श्रीवास्तव, उप निदेशक श्यामसिंह शुक्रवार को करीब 11 बजे आढ़तियों और किसानों की समस्याएं जानने के लिए मंडी पहुंचे। निदेशक के आते ही आढ़तियों और किसानों ने नारेबाजी करते हुए उनका घेराव किया। समस्यायें गिनाने के साथ ही निराकरण कराने की मांग की।
आढ़तियों ने बताया तीन दिन से मंडी की बिजली आपूर्ति बाधित है। निदेशक ने अधीक्षण अभियंता से बात की तो पता चला विभाग का मंडी पर एक करोड़ रुपये से अधिक बकाया चल रहा है। निदेशक ने मुख्यालय बात करके अधीक्षण अभियंता से कहा औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सोमवार तक बिजली विभाग का बकाया जमा करा दिया जाएगा। निदेशक के आश्वासन पर ही मंडी की बिजली चालू की गई।
आढ़तियों ने बताया सुरक्षाकर्मियों की कमी तथा मंडी समिति की दीवारें कई स्थानों पर टूटी होने के कारण चोरी की घटनाएं होती हैं। निदेशक ने मंडी सचिव गौरव सिंह को कार्ययोजना बनाकर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। मंडी में सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती के लिए एसपी से बात करने का आश्वासन दिया। निदेशक के आश्वासन पर दो घंटे बाद ही आढ़तियों और किसानों ने घेराव समाप्त किया।
इस मौके पर आढ़तिया एसोसिएशन के अध्यक्ष उपदेश यादव, सचिव अनुपम कुशवाहा, लक्ष्मी नरायन गुप्ता, अमृत सिंह, प्रेम विकास यादव, कौशलेंद्र, सतीश राजपूत, राघव सिंह, श्याम सिंह, अवधेश, नवी अहमद, लटूरी सिंह, ब्रजराज, कश्मीर सिंह आदि मौजूद रहे।