फिरोजाबाद/सिरसागंज। सिरसागंज नगर पालिका के चुनाव में भाजपा सपा और निर्दलीय प्रत्याशी डा. गुरुदत्त सिंह के बीच कांटे की टक्कर रही लेकिन अंत में मुकाबला भाजपा और निर्दलीय गुरुदत्त सिंह के बीच जाकर रुका जिसमें भाजपा के सोनी शिवहरे ने 337 वोटों से जीत हासिल की।
सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। पहले राउंड में जहां साइकिल ने 200 मतों की बढ़त ली तो वहीं दूसरे राउंड में निर्दलीय डा. गुरुदत्त सिंह ने साइकिल को पीछे कर दिया और भाजपा तीसरे नंबर पर आ गयी लेकिन तीसरे राउंड में भाजपा ने डा. गुरुदत्त और सपा दोनों को पीछे छोड़ दिया और 250 मतों की बढ़त ले ली और चौथे राउंड में भाजपा ने ये लीड बढ़ाकर 370 मतों की कर विजय प्राप्त कर ली। वहीं सपा प्रत्याशी सुनील यादव 4270 मत पाकर तीसरे स्थान पर और बसपा प्रत्याशी राहुल देव 826 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे।
चुनाव की मतगणना पूरी होने के बाद जब डा. गुरुदत्त के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा था। एसडीएम चंद्रभानु सिंह व सीओ अजय कुमार ने बताया कि भाजपा के समर्थक डा. गुरुदत्त के कार्यालय से कुछ ही दूरी पर राम मंदिर गली के पास आतिशबाजी करने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गयी। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई।
नीमीश गुप्ता ने कहा कि भीड़ ने उनकी गाड़ी तोड़ दी। वहीं श्याम गुप्ता ने कहा कि उनके घर में घुस आयी और महिलाओं और बच्चों को मारपीट कर घायल कर दिया। विपिन शिवहरे ने कहा कि हम आरोपी पक्ष के विरुद्ध तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं मौके पर पहुंचे एसडीएम चंद्रभानु सिंह व सीओ अजय कुमार ने मौके से भीड़ को हटाकर मामले को शांत कराया।