बिछवां। (मैनपुरी)। विद्युत उपकेंद्र सुल्तानगंज की मशीन में फाल्ट हो जाने से क्षेत्र के 40 गांवों की बिजली गुल हो गई। जानकारी होते ही तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और फाल्ट तलाश करने के बाद काम शुरू कर दिया। देर शाम तक कर्मचारी काम में जुटे थे।
गुरुवार की सुबह विद्युत उपकेंद्र की ओबीसी मशीन में फाल्ट होते ही आपूर्ति बंद हो गई। आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र के 40 गांवों की बिजली गुल हो गई। उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारियों ने इसकी जानकारी जेई तथा एसडीओ को दी। अधिशासी अभियंता ने जानकारी मिलते ही जेई से पूछताछ की।
अधीक्षण अभियंता उमेशचंद्र वर्मा ने तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर पहुंचकर फाल्ट तलाश करके विद्युत आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए। ओबीसी में फाल्ट होने से क्षेत्र के गांव बिछवां, कुबेरपुर, धारापुर, बनखडिया, किन्हावर, संतोषपुर, फकैता, हविलिया, फर्दपुर नगला इमलिया, बौद्धनगर, शीतलपुर सहित 40 गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
इस पर ग्रामीणों ने उपकेंद्र के अलावा जेई तथा एसडीओ को फोन करने शुरू कर दिए। मौके पर पहुंची तकनीकी कर्मचारियों की टीम ने फाल्ट तलाश किया। देर शाम तक कर्मचारी काम में जुटे थे। जेई रजनीकांत राय का कहना है शीघ्र ही मशीन में फाल्ट सही करके देर शाम तक विद्युत आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।