हादसे के बाद रोते उत्सव के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा। बलदेव क्षेत्र में गुरुवार की सुबह करीब पौने दस बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में आगरा के जूता कारोबारी उत्सव डंग और उनके ड्राइवर की मौत हो गई। उत्सव अपनी मां को दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़कर आगरा लौट रहे थे।
उत्सव डंग (26 वर्ष) आगरा के 25 सी-सूर्यनगर में रहते थे। आगरा में उत्सव के पिता संजय डंग का जूतों का बड़ा कारोबार है। उत्सव इस कारोबार को संभाल रहे थे। उनकी जूता बनाने की कई फैक्ट्रियां हैं। उत्सव की मां रेणुका डंग मुंबई के अस्पताल में डाइटीशियन हैं। उन्हें गुरुवार को मुंबई पहुंचना था और दिल्ली एयरपोर्ट से उनकी फ्लाइट थी। उत्सव मां को एयरपोर्ट छोड़ने के लिए इनोवा से दिल्ली गए थे। इनोवा को चालक मो. शरीफ निवासी सराय ख्वाजा आगरा चला रहा था।
रेणुका को एयरपोर्ट पर छोड़ने के बाद उत्सव वापस आगरा आ रहे थे। बताते हैं कि कार यमुना एक्सप्रेसवे पर बलदेव थाना क्षेत्र में बरौली गांव के पास (किलोमीटर संख्या 148) पहुंची तो आगे जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक सड़क पर लहराने लगा। ट्रक से बचने के लिए जब चालक ने इनोवा को साइड किया तो वह बेकाबू होकर ट्रक से टकरा कर पलट गई और फिर साइड की रेलिंग में जा घुसी। इस हादसे में उत्सव डंग और उनके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। परिवार के लोग भी पहुंच गए थे।