अवागढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत बढ़ावली की प्रधान को सरकारी धन के दुरुपयोग का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ ने कार्रवाई करते हुए गांव में समिति का गठन कर दिया है।
अवागढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत बढ़ावली में ग्राम प्रधान ने पुरानी ईंटे लगाकर खड़ंजे का निर्माण करा दिया था। साथ ही सरकारी धन का दुरुपयोग करते हुए 25 हजार रुपये के दोहरे बिल लगाकर धन हड़प लिया था। चकरोड पर मिट्टी का काम कराने के एवज में धनराशि का गबन हुआ था। साथ ही मिट्टी डालने काम मनरेगा से दिखाया गया और जेसीबीे से कराया गया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद डीएम अमित किशोर ने डीआइओएस को मामले की जांच सौंपी थी। जांच में पुष्टि होने के बाद डीएम ने डीपीआरओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने घोटालेबाज प्रधान नौ देवी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पद से बर्खास्त कर दिया। साथ ही गांव में ग्राम पंचायत के कामों के संचालन के लिए समिति का गठन किया है।
गांव छितौनी के प्रधान को नोटिस जारी
शीतलपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत छितौनी में आठ शौचालयों के निर्माण में हुए घोटाले को लेकर डीएम ने कार्रवाई की है। डीएम ने प्रधान को नोटिस जारी करते हुए 15 दिन में जबाव मांगा है। जबाव नहीं देने के बाद प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।