मथुरा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस को यादगार बनाने के लिए प्रदेश सरकार मथुरा को कई तोहफे देने की तैयारी में है। कृषि विवि का एलान तो मुख्यमंत्री कर ही सकते हैं फरह को तहसील और नगरपालिका भी बनाया जाएगा। कन्या डिग्री कालेज के साथ ही अस्पताल भी तोहफे के रूप में मिलेगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिवस समारोह 18 सितंबर से 25 सितंबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार के मंत्री यहां मौजूद रहेंगे। 19 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पंडित जी के गांव नगला चंद्रभान में पहुंच रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री के स्तर से होने वाली घोषणाओं की सूची संबंधित विभागों को भेज दी गई हैं। इसमें कृषि विभाग से कृषि विश्वविद्यालय सहित मृदा परीक्षण लैब की रिपोर्ट मांगी है।
उपनिदेशक कृषि धुरेंद्र कुमार ने मेरठ, कानपुर में कृषि विश्वविद्यालय की मौजूदगी के बाद मथुरा में भी इसकी उपयोगिता बताई है। साथ ही राया और छाता में मृदा परीक्षण लैब की जरूरत फरह में बताई है।
इनके अलावा फरह को तहसील का दर्जा देना और नगर पालिका बनाने के प्रस्ताव को भी उपयोगी बताया है। स्वास्थ्य विभाग के स्तर से दीनदयाल धाम में 50 बेड का पंचकर्म आयुर्वेदिक हास्पिटल और योगा क्लीनिक की स्थापना तथा शिक्षा विभाग ने कन्या डिग्री कालेज की आवश्यकता की रिपोर्ट भी शासन को भेजी गई है।
इसी भूमि में हुई थी वेटरनेरी विवि की घोषणा
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मोत्सव के दौरान ही 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मौजूदगी में मथुरा को वेटरनेरी विवि की सौगात दी थी। इसका नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखा गया।
सीएम को दौरे को लेकर चौकस हुई सुरक्षा व्यवस्था
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। भारी पुलिस फोर्स को तैनात किया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। शनिवार को अधिकारियों ने मीटिंग करके सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा।