फिरोजाबाद। हॉस्टल में पढ़ने नहीं जाने की जिद पर अड़े एक किशोर को फिरोजाबाद में जीआरपी की मदद से पकड़ लिया था। शनिवार को डीएम नेहा शर्मा की मौजूदगी में उसे परिजनों के सुपर्द कर दिया। डीएम नेहा शर्मा ने समझाने के बाद घर के लिए विदा किया।
बिहार के मुजफ्फराबाद जिले के साहिबगंज पोस्ट करनौल के गांधीचौक निवासी 11 वर्षीय बालक अभिषेक आनंद उर्फ राहुल पुत्र स्व.आनंद प्रसाद गत दिवस घर के भागकर ही ट्रेन के माध्यम से दिल्ली पहुंच गया था। दिल्ली में कोई शरण नहीं मिलने के कारण दूसरी ट्रेन से वापस बिहार को जा रहा था। फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर पानी पीने के लिए उतरा तो भटक गया। जीआरपी ने किशोर को अपने पास ही बैठा लिया और जिला प्रोबेशन अधिकारी अजयपाल सिंह को सूचना दे दी।सूचना मिलते ही प्रोबेशन अधिकारी अजय पाल सिंह,चाइल्ड लाइन के ही डा.जफर आलम,अर्पणा कुलश्रेष्ठ आदि सक्रिय हुए।
उन्होंने किशोर के घर का पता ही कर लिया। पुलिस के माध्यम से किशोर के परिजनों तक सूचना पहुंच गई। शनिवार को किशोर के नाना भाग्यप्रसाद जायसवाल व राजेश कुमार सहित अन्य परिजन पहुंचे। इस दौरान बताया कि अभिषेक आनंद के पिता की मौत हो गई थी। मां ने दूसरी शादी कर ली। नाना का कहना था अभिषेक आनंद उर्फ राहुल को पढ़ने के लिए हॉस्टल भेजने के लिए कहा था। इसी के कारण घर से भाग आया। डीएम नेहा शर्मा व एडीएम उदय सिंह,एडीएम न्यायायिक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने किशोर को काफी समझाया-बुझाया और परिजनों के साथ भेज दिया। परिजनों को उचित देखभाल करने की सलाह दी।