आगरा। जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कई और स्कूलों को नोटिस जारी किए हैं। ये बिन मान्यता के संचालित हैं। किसी भी कक्षा की मान्यता नहीं है और पढ़ाई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कराई जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. विनोद कुमार राय ने 28 जुलाई को तीन स्कूलों को नोटिस जारी किया। इसमें एमवीडी पब्लिक स्कूल, पुरामना, किरावली, मॉडर्न प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूल, किरावली और आरजीटी पब्लिक स्कूल, नागर शामिल हैं।
राजकीय हाईस्कूल, जऊपुरा के प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में अतिवीर सिंह, तरुण कुमार शर्मा की टीम ने स्कूलों की जांच की थी। 20 जुलाई को निरीक्षण आख्या डीआईओएस को दी। इसमें बताया गया है कि तीनों स्कूलों में हाईस्कूल-इंटर स्तर तक की कक्षाएं संचालित पाई गई। मान्यता के साक्ष्य नहीं उपलब्ध कराए गए।
तीन स्कूलों को मान्यता के प्रमाण प्रस्तुत करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने तीन दिन का समय दिया है। इसके बाद एक लाख रुपये या फिर 10 हजार रुपये रोजाना के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा। बिन मान्यता स्कूल को संचालन को तत्काल बंद करने के लिए कहा गया है। अन्यथा की स्थिति में एफआईआर की चेतावनी दी गई है।