बारिश का मौसम शुरू होने के साथ ही बाजार में सब्जियों की आवक प्रभावित हुई है। वहीं कीमतें भी आठ गुना तक बढ़ गईं हैं। महंगाई की सबसे ज्यादा मार टमाटर पर पड़ी है। कीमतें बढ़ जाने से रसोई का बजट बिगड़ने लगा है।
बारिश का मौसम आने के साथ इन दिनों बाजार में सब्जियों की कमी है। किसान सब्जी लेकर बाजार नहीं पहुंच रहे हैं। इससे सब्जी की कीमतें आसमान छूने लगी है। एक सप्ताह में सबसे अधिक तेजी आई है। महंगाई का आलम यह है कि 10 रुपये प्रति किलोग्राम में बिकने वाले टमाटर का भाव मंगलवार को 80 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। लौकी के भाव में भी तीन गुना इजाफा हुआ है। 5 रुपये किलोग्राम की लौकी आज 15 के भाव में मिल रही है। महंगाई की यह मार सभी सब्जियों पर है। सब्जी मंडी में खरीदारी को पहुंचने वाले लोग कीमतें सुनकर चौंक रहे है।
आलू के दाम में भी उछाल
कासगंज। सब्जियों की महंगाई को देखते हुए आलू की भी कीमत बढ़ने लगी है। हालांकि इसकी कीमत तो भंडारण के बाद से ही बढ़ने लगी थी, लेकिन एक सप्ताह में इसके दाम में भी डेढ़ गुना बढ़ोत्तरी हुई है।
सब्जी की कीमतों पर एक नजर
सब्जी कीमत प्रति किग्रा
आलू 12
टमाटर 80
शिमला 80
लौकी 15
तोरई 20
भिंडी 20
अरबी 30
बैंगन 20
बारिश के मौसम से बाजार में सब्जी की आवक प्रभावित हुई है। फसलों की पैदावारप्रभावित हो जाने से कीमतों में उछाल आ गया है।
- बहादुर सब्जी कारोबारी