बरसाना। विश्व प्रसिद्ध श्रीराधा रानी मंदिर में सोमवार को वर्षों पुरानी परंपरा टूट गई। दर्शन के इंतजार में खडे़ भक्तों के लिए मंदिर के पट 43 मिनट देर से खोले गए। ऐसा ही गत दिवस भी हुआ था।
ग्रीष्मकालीन समय के अनुसार बरसाना में राधारानी के मंदिर के खुलने का समय शाम साढ़े चार बजे है लेकिन, पिछले दो दिन से यहां 43 मिनट की देरी से दर्शन कराए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में भक्त श्रीराधारानी के दर्शन के लिए मंदिर प्रांगण में इंतजार करते रहते हैं। दो दिन से यहां तोड़ी जा रही परंपरा को लेकर लोगों में खासा आक्रोश है।
सोमवार को इस स्थिति में भक्तों ने हो-हल्ला कर दिया। जब भक्तों ने इस पर सेवायत से आपत्ति जाहिर की तो वह भक्तों पर ही नाराज हो गए। भक्तों और सेवायत में बहस भी हो गई। शिकायत मंदिर रिसीवर डा. कृष्ण मुरारी गोस्वामी से भी की गई।
इस पर उन्होंने कहा कि सेवायतों के ऊपर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं है। गौरतलब रहे कि वृंदावन स्थित बांकेबिहारी मंदिर में इस तरह परंपरा तोड़ी जा रही है। इसके लिए मंदिर सुर्खियों में बना हुआ है।