फिरोजाबाद। 15 हजार के इनामी बदमाश गुलबसर उर्फ गुलबसरा को मटसेना पुलिस और एसओजी टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान टीम उसके पास से तमंचा, चाकू और कारतूस बरामद करने का दावा कर रही है। टीम ने बताया कि बदमाश ने सुपारी लेकर मटसेना के गांव नगला मुल्ला निवासी मुजाहिद की 31 मार्च की रात गला रेत कर हत्या कर दी थी। जांच के दौरान नाम प्रकाश में आने पर पुलिस इसकी तलाश कर रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि गुलबसर उर्फ गुलबसरा रामगढ़ थाना क्षेत्र की मक्का कालोनी निवासी है। उसने 31 मार्च 2017 को मटसेना के गांव नगला मुल्ला निवासी मुजाहिद की हत्या करने की सुपारी लेकर गला रेतकर हत्या कर दी थी। मृतक के परिवारीजनों ने सपा नेता सहित कई लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। नामजद आरोपियों में गुलबसर के नाम का जिक्र नहीं किया गया था। इसका नाम जांच के दौरान प्रकाश में आया था।
बदमाश की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई थीं। गुलबसरा को देर रात मटसेना कोतवाल केपी सिंह और एसओजी प्रभारी शैलेंद्र यादव ने टीम के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद करने के साथ ही वह चाकू भी बरामद किया गया है। जिससे मुजाहिद की गला रेतकर हत्या की गई थी। एसएसपी ने टीम की सफलता पर पांच हजार और आईजी आगरा की ओर से 15 हजार रुपये का पुरस्कार की घोषणा की गई है।
गुलबसर उर्फ गुलबसरा जिले के रामगढ़, रसूलपुर और मटसेना थाने में ही लूट, हत्या और डकैती की वारदातों को अंजाम दिया करता था। इन तीनों थानों में उसके खिलाफ करीबन 20 मुकदमे दर्ज है।
एसएसपी ने बताया गुलबसर उर्फ गुलबसरा यूपी के साथ राजस्थान में भी लूट, हत्या और डकैती की वारदातों को अंजाम दिया करता था। उसके खिलाफ राजस्थान में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।