आगरा। बीएड सत्र 2017-19 में प्रवेश के लिए बुधवार को डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के केंद्रों पर 343 अभ्यर्थियाें ने काउंसलिंग कराई। अभ्यर्थियाें की उपस्थिति का अनुपात बहुत कम रहा। 1000 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस में तीन केंद्रों पर काउंसलिंग जा रही है। पहले दिन (मंगलवार को) 200 अभ्यर्थी शामिल हुए। दूसरे दिन 6501 से 16000 रैंक तक के अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
काउंसलिंग कोआर्डिनेटर डा. संजीव कुमार ने बताया कि केंद्र ए-वन पर 117, ए-टू पर 118 और ए-थ्री पर 108 अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग कराई।
बाद में बढ़ेगी अभ्यर्थियों की भीड़
बीएड काउंसलिंग की आखिरी तिथियों में अभ्यर्थियाें की भीड़ बढ़ेगी। बीएड की प्रवेश परीक्षा में अधिकतर स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र शामिल होते हैं। अभी यह प्रमाणपत्र जुटाने में लगे हुए हैं। काउंसलिंग में व्यवस्था है कि जो अभ्यर्थी शुरू के दिनाें में किसी कारणवश नहीं पहुंच पा रहे हैं, वह बाद के किसी भी दिन काउंसलिंग का हिस्सा बन सकते हैं।