फिरोजाबाद। सुहागनगरी के कांच उत्पाद लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम मेले में चमक बिखेरेंगे। मेले में यहां के हस्तशिल्पी, चूड़ी निर्माता, निर्यातक स्टॉल लगाकर उत्पादों का डिस्पले और बिक्री करेंगे।
अवध शिल्प ग्राम लखनऊ में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए एक जनपद एक उत्पाद की तर्ज पर दो अक्टूबर से मेला लगेगा। मेले में उद्यमियों, हस्तशिल्पी और निर्यातकों को एक साल के लिए स्टॉल आवंटित की जाएगी।
हर जिले से उनके विशेष उत्पाद की स्टॉल लगेंगी। सुहागनगरी को कांच का सामान आवंटित किया गया है। इस संबंध में शासन द्घारा उद्योग विभाग को भेजे पत्र में कहा गया है कि अवध शिल्प ग्राम में 75 स्टॉल बनाई गई हैं। हर जिले को एक स्टॉल आवंटित होेगा।
फिरोजाबाद के लिए कांच की चूड़ी, कांच हैंडीक्रॉफ्ट एवं ग्लास आर्ट वेयर का चयन हुआ। उद्योग विभाग ने अवध शिल्प ग्राम में स्टाल लगाने के इच्छुक हस्तशिल्पियों, निर्यातक इकाइयाें, औद्योगिक संगठनों से आवेदन मांगे हैं।