भोगांव (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के मोहल्ला सिंधी गली में जून माह में सराफा व्यापारी से लूट व हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस के खुलासे से असहमति जताते हुए मृतक के भाई ने आईजी को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की है।
मोहल्ला सिंधी गली निवासी पूर्व सभासद गिरजा शंकर वर्मा के पुत्र राजेश वर्मा की आठ जून को हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। लाखों की नकदी और जेवर भी लूट ले गए थे। घटना के बाद व्यापारियों के आक्रोश के बीच पुलिस ने खुलासा भी किया था। चार आरोपियों को माल व नकदी सहित गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था।
शुरू में तो परिवारीजन पुलिस के खुलासे के बाद शांत रहे। मगर अब उनका कहना है कि पुलिस न तो दुकान की चाबी न ही मोबाइल व अन्य सामग्री बरामद कर सकी। सोमवार को मृतक के चचेरे भाई एवं स्वर्णकार संघ के नगर अध्यक्ष सुधीर वर्मा ने आईजी आगरा जोन मुथा अशोक जैन को ज्ञापन भेजकर पुलिस द्वारा घटना का सही खुलासा न करने की बात कहते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।