मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र की कालोनी नगला कीरत निवासी युवक नीरज जाटव (23) का शव सोमवार सुबह मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर एक पेड़ पर फांसी पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने उसकी हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की पिछले माह ही शादी हुई थी, घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है।
बताए अनुसार नीरज जुआ खेलने का आदी था और रविवार शाम वह साथियों के साथ खेत पर जुआ खेलने गया था। सोमवार सुबह परिवारीजनों को उसका शव खेत में पेड़ पर फांसी पर लटका होने की सूचना मिली। शव जहां लटका हुआ था उसके समीप ही बीयर की बोतल, नमकीन आदि रखा हुआ था।
मृतक की बाइक वहां नहीं मिली। परिवारीजनों का कहना है कि नीरज जुआ में रुपये जीत गया था, इसी वजह से साथियों ने उसकी हत्या की है। चर्चा यह भी है कि जुआ में सब कुछ हारने से निराश होकर नीरज ने आत्महत्या की है। बाइक भी वह जुआ में ही हारा है। पुलिस का कहना है कि घटना आत्महत्या की प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिवारीजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।