आगरा के स्कूल से शैक्षिक भ्रमण पर ऋषिकेश गया 15 वर्षीय छात्र अंश परमार गंगा नदी में डूबने के बाद लापता हो गया। पांच दिन बाद भी उसका पता नहीं चल सका है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर घटना की सूचना समय पर न देने और लापरवाही का आरोप लगाया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
आगरा के बमरौली अहीर रोड स्थित स्कूल से 18 नवंबर को 32 छात्रों का समूह शैक्षिक भ्रमण के लिए ऋषिकेश गया था। इसी दौरान 15 वर्षीय छात्र अंश परमार लक्ष्मण झूला के नीचे गंगा नदी में डूबकर लापता हो गया। घटना के पांच दिन बाद भी अंश का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
विज्ञापन
हंस गोपेश्वर टाउन निवासी अंश परमार के ताऊ सुरेंद्र सिंह ने थाना मलपुरा पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। तहरीर के अनुसार भ्रमण पर गए अन्य छात्र तो वापस घर पहुंच गए, लेकिन अंश घर नहीं लौटा। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें समय पर कोई सूचना नहीं दी। अंश के मौसा राजीव राठौर ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ऋषिकेश में लगातार अंश की तलाश कर रही है। परिजन का यह भी आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने अब तक उनसे मुलाकात कर स्थिति की जानकारी तक नहीं ली है।
अपने इकलौते बेटे अंश के लापता होने से मां रजनी परमार और पिता राकेश परमार का रो-रोकर बुरा हाल है। एसीपी जसवीर सिरोही ने बताया कि पुलिस को तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए प्रभारी निरीक्षक को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।