कासगंज। पेट्रोल पंप दिलाए जाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 15.70 लाख रुपये की ठगी कर ली गईं। मामले की रिपोर्ट दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराई गई है।
बॉबी निवासी नौरथा को उज्ज्वला सिटी गैस प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर बीएम शर्मा और कपूर निवासी कासगंज ने पेट्रोल पंप दिलाए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने 10 लाख रुपये उनके एकाउंट में देने के लिए कहा। इसके बदले में दो टैंक पेट्रोल के उन्हें दिलाने की बात कही। बॉबी का कहना है कि उसने उनके एकाउंट में 10 लाख रुपये आरटीजीएस कर दिए। कुछ दिनों के बाद 5.70 लाख रुपये एनओसी कराए जाने के नाम से मांगे गए। उसे भी एकाउंट में भेज दिया गया।
पेमेंट लेने के बाद दोनों लोग न तो रुपये दे रहे हैं और वायदा के मुताबिक न पेट्रोल पंप दिला रहे हैं। रुपये मांगने पर टालमटोल कर रहे हैं। कहते हैं कि यदि कोई पेट्रोलपंप लेने वाला मिलेगा उनसे रुपये लेकर वापस कर देंगे। मामले की तहरीर बॉबी ने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली सदर इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।