शिकोहाबाद (फिरोजराबाद)। पोल में करंट उतरने और उसकी चपेट में आने से दो भैंस मर गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने माधौगंज के समीप शिकोहाबाद-बटेश्वर मार्ग को जाम कर दिया और फीडर पर ताला डाल दिया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार और इंस्पेक्टर ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत करा जाम खुलवाया। तकरीबन दो घंटे जाम रहने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
माधौगंज निवासी नाथूराम पुत्र पन्नालाल की लगभग 90 हजार रुपये कीमत की भैंस सुबह विद्युत पोल में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर मर गई। पशु की मौत और विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों नारेबाजी करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित होकर फीडर पहुंच गए और ताला डाल दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बटेश्वर-शिकोहाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीण विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पुलिस बल के साथ तहसीलदार नरेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर विजय सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ युवकों ने जाम खोलने से इंकार किया तो पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ दिया। इसी दौरान पुलिस ने रास्ते में पड़ी बल्लियां और रस्सी को तोड़ कर जाम खुलवा दिया। इंस्पेक्टर ने विभागीय अवर अभियंता को थाने बुलाकर किसान को मुआवजा दिलाने की बात कही। इसके बाद बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।