कासगंज। ग्राहक सेवा केंद्र गोरहा पर हुए घोटाले की जांच अब ढर्रे पर आ जाएगी। जांच टीम ने बैंक से पूर्ण ब्यौरा संकलित किया है। हालांकि अभी तक खाताधारकों और गांव की जानकारी स्पष्ट नहीं की है। मंगलवार से टीम गांव-गांव पहुंच ग्राम प्रधानों को उपभोक्ताओं की सूची थमाएगी।
भारतीय स्टेट बैंक के गोरहा ग्राहक सेवा केंद्र पर उपभोक्ताओं के साथ बड़ी जालसाजी हुई। जालसाज ने फर्जी पासबुकें जारी कीं। यहां तक कि तमाम लोगों के फर्जी खाते भी खोल दिए। भारतीय स्टेट बैंक ने जो ब्यौरा पूर्व में जांच टीम को उपलब्ध कराया है वो धरातल पर अपूर्ण पाया गया। उसके बाद जांच कमेटी ने स्टेट बैंक से पुन: ब्योरा मांगा। बैंक ने बिंदुवार ब्यौरा खंगालते हुए पूरा रिकॉर्ड सोमवार को तैयार कर लिया। जांच टीम ने पूरा ब्यौरा संकलित किया है। हालांकि अभी ग्राम पंचायतों की मजरावार सूची तैयार की जा रही है। उसके बाद मंगलवार को स्पष्ट होगा कि कुल कितने गांव के खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी हुई है। मंगलवार से जांच कमेटी गांव गांव पहुंचेगी। ग्राम प्रधानों को सूची थमाकर उनका सहयोग मांगा जा रहा है।
ग्राम प्रधानों से संपर्क साधा जा रहा है। जल्द ही उन्हें ग्राम पंचायत वार सूची थमा दी जाएगी। बैंक से पूरा ब्योरा संकलित किया है। महेश प्रकाश, एलडीएम।
ब्योरा एकत्रित कर लिया है, लेकिन फिलहाल एक बैठक में व्यस्त हैं। विस्तृृत जानकारी बैंक पहुंचने के बाद ही दे सकेंगे। आरके सिंह, प्रबंधक, एसबीआई, ग्रामीण शाखा।