वृंदावन (मथुरा)। पिछले कई माह से आधार कार्ड पाने के लिए बैंक केे चक्कर लगा रहे लोगों ने सोमवार को प्रताप बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर प्रदर्शन किया। उन्होंने आधार कार्ड बनाए जाने के नाम पर कर्मचारियों द्वारा 200-250 रुपये लिए जाने का भी आरोप लगाया।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे नगर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग आधार कार्ड संबंधी शिकायतों को लेकर एकत्रित हुए, समाधान न होने पर उन्होंने बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी की। पीड़िता सुशीला ने बताया कि होली से पूर्व उन्होंने दो बच्चों के आधार कार्ड बनवाने के लिए प्रत्येक के हिसाब से 200 रुपये भी दिए। 25 मार्च को नंबर तो आ गया लेकिन आज तक आधार कार्ड नहीं मिल सका। इससे बच्चों का स्कूलों में दाखिला कराने में समस्या आ रही हैं। इस दौरान राजपाल शर्मा, शालू, तरुण, धर्मवीर, सुशील, वीर बहादुर आदि मौजूद रहे।
लोगों से आधार कार्ड के नाम पर रुपये लेना गलत है। इसकी शिकायत कर दी गई है, जिस पर जल्द ही कार्रवाई कराई जाएगी।
ओपी जैसवाल, मैनेजर