सियासी रण में दिग्गजों के साथ नए योद्धा भी मैदान में
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा सामान्य निर्वाचन के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक प्रदीप पी ने जिला मजिस्ट्रेट जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल ने प्रत्याशियों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में प्रत्याशियों को चुनाव आचार संहिता के संबंध में निर्देश दिए।
सामान्य प्रेक्षक ने कहा कि सभी प्रत्याशी आदर्श चुनाव आचार संहिता और आयोग के नियमों का शत प्रतिशत पालन करें। अगर कोई समस्या है दिन में 11 बजे से 12 बजे तक सोरों गेस्ट हाउस में या मोबाइल नंबर 9528813109 अथवा निर्वाचन कंट्रोल रूम के नंबर 1950 पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं। धार्मिक स्थलों पर प्रचार नहीं करें। ईवीएम और वीपीपैट की पूरी जानकारी ले लें, ताकि शंका न रहे।
जिला मजिस्ट्रेट जिला निवार्चन अधिकारी ने कहा कि बिना अनुमति के कोई कार्य न करें। प्रत्याशियों को नामांकन से मतदान तक प्रतिदिन रेट लिस्ट के अनुसार अपना खर्चा व्यय रजिस्टर में लिखना है। व्यय की अधिकतम सीमा 70 लाख रुपये निर्धारित है। 10,000 रुपये नकद व इससे अधिक का पेमेंट खाते से चेक से करना होगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निर्वाचन के दौरान आपस में कोई विवाद पैदा न करें। पोलिंग बूथों पर पर्याप्त मात्रा में पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात रहेगी। कोई भी डमी प्रत्याशी दूसरे प्रत्याशी के लिए कार्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। बैठक में सीडीओ, एसडीएम कासगंज तथा सूरज सिंह शाक्य, रश्मि यादव, हरीओम शर्मा, सतेंद्र पंडा सहित अन्य प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।