मांट(मथुरा)। नौहझील-मांट मार्ग पर गांव बिजौली के पास ईंटों से भरे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। मांट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है।
थाना मांट के गांव मांट मूला निवासी अनूप कुमार उर्फ पिंकू (23) पुत्र करन सिंह गांव के युवक दीपक (21) पुत्र ब्रजमोहन शनिवार को बाइक से घर लौट रहे थे। वह नौहझील-मांट मार्ग पर गांव बिजौली के पास पहुंचे ही थे कि नौहझील की तरफ से आ रहे ईंटों से भरे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
मौके पर ही अनूप की मौत हो गई, जबकि दीपक घायल हो गया। मांट पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग खड़ा हुआ। तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।