मथुरा। मांट ब्रांच गंग नहर में पानी न आने से किसान मूंग की फसल की बुआई नहीं कर पा रहे। खाली हुए आलू व सरसों के खेतों में अगैती मूंग की बुआई को किसान तैयारी कर रहे हैं, लेकिन पलेवट के लिए पानी न मिलने से खासे परेशान हैं।
मांट ब्रांच गंगनहर में बुलंदशहर के निकट पुल निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते दो सप्ताह से गंग नहर में पानी नहीं है। इसके चलते मांट ब्रांच गंग नहर से जुड़े 27 रजबहा व अल्पिका सूखे पड़े हैं। इससे मांट, नौहझील, राया, बलदेव ब्लाक के हजारों किसान खाली हुए आलू व सरसों के खेत में मूंग व पशु चारे की बुआई नहीं कर पा रहे।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर, मंडल अध्यक्ष गजेंद्र परिहार, देवेंद्र रघुवंशी, ललित शर्मा ने डीएम व सिंचाई अफसरों से शीघ्र मांट ब्रांच गंग नहर में पानी चालू कराने की मांग की है।