किशनी (मैनपुरी)। पशुपालन विभाग की चिकित्सकीय टीम द्वारा नगर के कम्यूनिटी सेंटर में बंद आधा सैकड़ा बछड़ों की नसबंदी की गई। वहीं घायल पशुओं को उपचार भी दिया।
किशनी के कम्यूनिटी सेंटर में अस्थाई गोशाला बनाई गई है। यहां किसानों ने गोवंश को एकत्रित कर सेंटर में बंद कर दिया था। इसके बाद रविवार को सांड़ों ने कमजोर गायों को घायल कर दिया था। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पुष्प कुमार ने सेंटर के निरीक्षण के बाद बछड़ों की नसबंदी कराने की बात कही थी। सोमवार को सुबह ही चिकित्सकों की टीम कम्यूनिटी सेंटर पहुंच गई।
यहां डॉ. दिलीप कुमार की देखरेख में आधा सैकड़ा बछड़ों की नसबंदी कराई गई। मंगलवार को भी बाकी बछड़ों की नसबंदी का काम किया जाएगा। वहीं घायल गायों को भी चिकित्सकों ने उपचार दिया। चिकित्सकों के अनुसार नसबंदी करने से गोवंश की बढ़ रही संख्या पर रोक लगाई जा सकेगी।